नेपाल के गोरखा में दर्दनाक हादसा
खाई में माइक्रो बस गिरने से 7 भारतीय तीर्थ यात्रियों की मौत, कई घायल
गोरखा (नेपाल): शनिवार शाम नेपाल के गोरखा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में सात भारतीय तीर्थ यात्रियों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब मनकामना मंदिर में दर्शन करके लौट रहे यात्रियों की माइक्रो बस खाई में गिर गई।
मनकामना मंदिर से लौटते समय हुआ हादसा
गोरखा जिला पुलिस कार्यालय के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस राज कुमार श्रेष्ठ के मुताबिक हादसा शहीद लखन ग्रामीण नगरपालिका के कंत्तर क्षेत्र में हुआ। माइक्रो बस अचानक सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।
7 घायलों को अस्पताल भेजा गया
पुलिस के अनुसार हादसे में सात अन्य यात्री घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए चितवन जिले के भरतपुर स्थित चितवन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बचाव और राहत कार्य जारी है।
एक दर्जन से ज्यादा यात्री सवार थे
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक माइक्रो बस में एक दर्जन से अधिक लोग सवार थे। गोरखा के मुख्य जिला अधिकारी तुलसी बहादुर श्रेष्ठ ने बताया कि बस मनकामना मंदिर से पश्चिम दिशा में तनहूं जिले के अनबुखैरेनी क्षेत्र की ओर जा रही थी। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि दर्शन के बाद यात्री आगे कहां जाने वाले थे।
हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस के अनुसार हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक भारतीय यात्रियों को लेकर जा रही इलेक्ट्रिक माइक्रो बस सड़क के एक ढलान वाले खतरनाक हिस्से पर नियंत्रण खो बैठी।
नेपाल में बढ़ रहे सड़क हादसे
पिछले कुछ वर्षों में नेपाल में वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ सड़क हादसों में भी इजाफा हुआ है। नेपाल ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के अनुसार दस साल पहले देश में 4,999 सड़क हादसे दर्ज किए गए थे, जबकि वित्तीय वर्ष 2024–25 में यह संख्या बढ़कर 7,669 हो गई और 190 लोगों की मौत दर्ज की गई।

Share:

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *