
एक सौ तिरेसठ ईरानी बच्चियों की क़ब्रें हैं
या सफ़ेद रैपरों में लिपटी हुई
एक सौ तिरेसठ टॉफियाँ :
जिन्हें इज़रायल और अमेरिका मिलकर चूसेंगे!
कितना अच्छा हुआ
एक सौ तिरेसठ बच्चियां मर गईं
अब वे कभी माँ नहीं बन सकेंगी!
सोचिये!
अगर वे माँ बन जातीं
और उनकी कोख से
कोई खामनेई या नेतान्याहु या ट्रम्प पैदा हो जाता
तो कितना बड़ा नुकसान हो जाता
अच्छा किया इज़रायल और अमेरिका ने
कि एक सौ तिरेसठ बच्चियों को मार डाला!
औरतों को
आज़ाद करना चाहता था इज़रायल
बुरका उतार कर
अपने जैसी की जैसी औरतें बनाना चाहता था अमेरिका
लेकिन फिर इज़रायल और अमेरिका ने सोचा
इतना वक़्त किसके पास है?
बच्चियों को
बड़ा होने में वक़्त लगेगा
क्यों न अभी ही इनका काम तमाम कर दिया जाए
अब ख़ुश हैं
इज़रायल और अमेरिका
कि क़ब्रों के भीतर
कपड़े गल जाएंगे बच्चियों के
इतने छोटे हो जाएंगे कपड़े
कि उन बच्चियों की वेश भूषा
पश्चिमी स्कर्ट और टॉप में बदल जाएंगी!
.एक सौ तिरेसठ क़ब्रें हैं
या एक सौ तिरेसठ चॉक या बरते के टुकड़े
धरती के ब्लैक बोर्ड पर
अमन और शांति लिखने चले थे आप
लेकिन आपने धरती के ब्लैक बोर्ड पर लिखा :
एक सौ तिरेसठ
चॉक के टुकड़ों की क़सम
हमें ईरान के पास परमाणु हथियारों के सबूत मिले हैं!
ऐसा करो
इज़रायल और अमेरिका
मुझे भी उड़ा दो
क्योंकि मेरे पास भी
तुम्हारे खिलाफ़ कविता के सबूत मिले हैं!
एक सौ तिरेसठ बच्चियों की क़सम
आने वाले
एक सौ तिरेसठ बरस
इस धरती पर कभी कोई शान्ति नहीं रहेगी
चुड़ैलें बन जाएंगी
यह एक सौ तिरेसठ बच्चियां
डायनें बन जाएँगी
यह एक सौ तिरेसठ बच्चियां
खामनेई
ट्रम्प
और
नेतान्याहु जैसे प्रेतों-पिशाचों के खिलाफ़
आधी रात को उठेंगी
और भोग में मांगेगी :
कुछ कमीनों का कच्चा गोश्त!
एक सौ तिरेसठ बच्चियों की लाशें पूछ रही हैं :
अंतर्राष्ट्रीय राजनीति पर तुम्हारे क्या विचार हैं?
चुप क्यों हो?
अब किसी एक का पक्ष नहीं लोगे?
एक सौ तिरेसठ क़ब्रें हैं
या एक सौ तिरेसठ सफ़ेद चमेली के फूल
कल सारी रात
मेरी नींद में महकते रहे सफ़ेद चमेली के फूल
नींद नहीं आई मुझे
होली का ख़ुमार जो था
धरती माता!
मैंने सोचा था धुलण्डी के दिन
तुझे रंग लगाऊंगा
लेकिन नहीं मालूम था
एक सौ तिरेसठ बच्चियों का ख़ून मलूँगा तेरे चेहरे पर
धरती माता!
ख़ून की होली मुबारक हो..
हिम्मत नहीं हो रही
यह गाना गाने की
“अबके बरस तुझे धरती की रानी कर देंगे”
“अब के बरस तेरी प्यासों में पानी भर देंगे”
एक सौ तिरेसठ क़ब्रें हैं
या एक सौ तिरेसठ पेट्रोल डीज़ल के कनस्तर
पेट्रोल ले जाओ
डीज़ल ले जाओ
इनसे दिरहम कमाओ
इनसे डॉलर कमाओ
इनसे रुपया कमाओ
इनसे पौंड कमाओ
बच्चियों का क्या है
एक सौ तिरेसठ मौतें तो चलते-फिरते हो जाती हैं :
इतनी छोटी घटना से
मानवता के हित में किये जाने वाले
युद्ध नहीं रोके जाते!!!